धमतरी में महिलाओं और बच्चों के अधिकारों, महिला सुरक्षा और संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू ने की.

कार्यक्रम में धमतरी के अलावा रायपुर, महासमुंद, दुर्ग, कांकेर और बालोद जिले के महिला एवं बाल संरक्षण से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए. इनमें सखी वन स्टॉप सेंटर के काउंसलर, केस वर्कर, मेडिकल पर्सन, संरक्षण अधिकारी, महिला हेल्प डेस्क के पुलिसकर्मी और विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रतिनिधि शामिल थे.

प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला और बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और पीड़ितों को त्वरित व प्रभावी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था को मजबूत करना था.

कानूनों और पुलिस की भूमिका पर सत्र

जिला बाल संरक्षण अधिकारी आनंद पाठक ने किशोर न्याय अधिनियम और पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी. उन्होंने बाल अधिकारों और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनी पहलुओं को समझाया. धनंजय तिवारी ने भारतीय न्याय संहिता, घरेलू हिंसा अधिनियम और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े अन्य कानूनों पर तकनीकी जानकारी दी.

एसडीओपी कुरूद रागिनी मिश्रा ने महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका और सखी वन स्टॉप सेंटर के साथ पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय की आवश्यकता बताई.

दानिश हुसैन ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े पहलुओं पर जानकारी दी. प्रशिक्षणार्थियों को संवेदनशील परिस्थितियों में पीड़ितों के साथ उचित व्यवहार करने और उन्हें जरूरी सहयोग उपलब्ध कराने के तरीकों से अवगत कराया गया. कार्यक्रम में आयोग की अध्यक्ष और सदस्यों ने महिलाओं तथा बच्चों के कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और न्याय पाने के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी.