रायपुर जिले के ग्राम पंचायत धनेली सकरा स्थित कार्यालय में बाल विवाह के खिलाफ विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया. यह कार्यक्रम नालसा की ‘आशा’ (जागरूकता, समर्थन, सहायता और कार्रवाई) योजना के तहत चलाए जा रहे ‘बाल विवाह मुक्त भारत’ अभियान का हिस्सा था.
शिविर में ग्रामीणों और उपस्थित विद्यार्थियों को बाल विवाह के सामाजिक दुष्परिणामों तथा इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई. पैरालीगल वालंटियर शिवानी शुक्ला ने बताया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है. ऐसे विवाह को करवाने, उसमें सहयोग करने या उसे बढ़ावा देने वालों के खिलाफ जेल और जुर्माने का प्रावधान है.
यह विधिक साक्षरता कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, रायपुर के सचिव के मार्गदर्शन में 1 अक्टूबर 2026 से 28 जनवरी 2027 तक चलाया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य बाल विवाह रोकने के साथ-साथ बेटियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रति समाज को जागरूक करना है.
शिविर में बालिकाओं की पढ़ाई जारी रखने, कौशल विकास को बढ़ावा देने, महिलाओं की श्रम बल में भागीदारी बढ़ाने और पोषण संबंधी जरूरतों पर ध्यान देने की आवश्यकता भी बताई गई.
ग्रामीणों को बाल विवाह की सूचना देने के लिए नालसा हेल्पलाइन 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के अंत में ग्राम सभा सचिव सहित उपस्थित ग्रामीणों ने बाल विवाह रोकने की शपथ ली. उन्होंने बाल विवाह में शामिल नहीं होने, अपने आसपास ऐसी घटना नहीं होने देने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
