कोरबा जिले के दीपका थाना क्षेत्र की दीपका बस्ती में शुक्रवार सुबह कमरे में लगी आग से 17 वर्षीय छात्र दिलीप कंवर की मौत हो गई. दिलीप आत्मानंद स्कूल, दीपका में कक्षा 11वीं में पढ़ता था. घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था.

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब साढ़े दस बजे दिलीप की बड़ी मां छत पर कपड़े सुखा रही थीं. इसी दौरान उन्हें नीचे के कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया. आवाज देने पर परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर गए. कमरा धुएं से भरा था और दिलीप गंभीर रूप से जला हुआ पड़ा था. उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.

फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

सूचना मिलने पर दीपका पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस को कमरे से ऑयल पेंट और माचिस मिली है. परिजनों और आसपास के लोगों के बीच मोबाइल फटने या आत्महत्या की आशंका को लेकर चर्चा है, लेकिन पुलिस ने इनमें से किसी संभावना की पुष्टि नहीं की है.

पुलिस का कहना है कि आग लगने का वास्तविक कारण फॉरेंसिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगा. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामला दर्ज कर जांच की जा रही है.

दिलीप ने सप्लीमेंट्री परीक्षा पास करने के बाद करीब तीन दिन पहले ही स्कूल जाना शुरू किया था. उसकी अर्धवार्षिक परीक्षाएं जल्द होने वाली थीं और वह तैयारी कर रहा था. उसके पिता एसईसीएल की बगदेवा खदान के ब्लास्टिंग विभाग में काम करते हैं.