छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के अहिवारा से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का पार्थिव शरीर शनिवार, 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया जाएगा. 78 वर्षीय विधायक का हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में इलाज चल रहा था, जहां शुक्रवार को उनका निधन हुआ. वे लंबे समय से बीमार थे.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पार्थिव शरीर रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेगा. यहां अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के बाद इसे भिलाई-3 स्थित विधायक के शासकीय आवास ले जाया जाएगा. भिलाई-3 में सुबह 11 बजे तक लोग अंतिम दर्शन कर सकेंगे.

इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 से जवाहर नगर, दुर्ग के लिए रवाना होगा. वहां दोपहर 12 बजे पहुंचने और 12:30 बजे तक श्रद्धांजलि कार्यक्रम निर्धारित है. इसके बाद पार्थिव शरीर बालोद जिले के गुंडरदेही क्षेत्र स्थित उनके पैतृक गांव भेण्ड्रा ले जाया जाएगा.

भेण्ड्रा में अंतिम संस्कार

कार्यक्रम के मुताबिक, पार्थिव देह दोपहर करीब एक बजे भेण्ड्रा पहुंचेगी. गांव में दोपहर दो बजे तक अंतिम दर्शन किए जा सकेंगे. इसके बाद दोपहर दो बजे पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा.

विधायक के निधन पर भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने शोक जताया है. उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने उनके निधन को भाजपा के राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया. उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कोर्सेवाड़ा ने जनसेवा, संगठन और क्षेत्र के विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया.

दोनों उपमुख्यमंत्रियों ने शोकाकुल परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की.