राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव में बकाया राशि की वसूली के लिए अदालत के आदेश पर नगर पंचायत की चल संपत्तियां कुर्क की गईं. बुधवार, 4 नवंबर को कोर्ट की टीम गवाहों की मौजूदगी में नगर पंचायत परिसर पहुंची और कई वाहन व उपकरण जब्त किए.
यह कार्रवाई ‘सिंध एजेंसी प्रोप्राइटर’ और डोंगरगांव नगर पंचायत, जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA) समेत अन्य पक्षों के बीच बकाया राशि के मामले में की जा रही है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 13 लाख 60 हजार 406 रुपए 71 पैसे की राशि का भुगतान नहीं होने पर राजनांदगांव के तृतीय जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कुर्की वारंट जारी किया था. मामला सिविल एक्सई/19/2025 के रूप में दर्ज है.
नगर पंचायत से ये सामान जब्त
कार्रवाई के दौरान फायर ब्रिगेड वाहन, टैंकर और ट्रॉली सहित ट्रैक्टर, क्रेन, वैक्यूम मशीन, तीन हॉर्स गाड़ियां और तीन एसी जब्त किए गए. फायर ब्रिगेड वाहन का पंजीकरण नंबर CG 08 L 3482 बताया गया है. जब्त सामान को फिलहाल नगर पंचायत परिसर में ही रखा गया है.
कुर्की वारंट और संपत्तियों की सूची के अनुसार, गुरुवार को राजनांदगांव जिला कार्यालय परिसर स्थित DUDA कार्यालय में भी कार्रवाई होनी है. वहां रखी चल संपत्तियों को कुर्क किए जाने की जानकारी दी गई है.
