राजनांदगांव की तृतीय जिला न्यायाधीश अदालत ने बकाया राशि का भुगतान नहीं करने पर डोंगरगांव नगर पंचायत के खिलाफ कुर्की वारंट जारी किया है. यह आदेश सिविल निष्पादन प्रकरण ‘सिंध एजेंसी (प्रोपराइटर) बनाम नगर पंचायत डोंगरगांव व अन्य’ में दिया गया. वारंट जिला नाजिर, राजनांदगांव के नाम जारी हुआ है. इसमें राजनांदगांव कलेक्टर (जिला शहरी विकास अभिकरण) और नगर पंचायत डोंगरगांव को पक्षकार बनाया गया है.
भुगतान आदेश के बाद भी राशि बकाया
अदालत ने 20 जून 2025 को सिविल सूट नंबर 142/5/2023 में सिंध एजेंसी के पक्ष में 13,60,401.71 रुपए का भुगतान करने का आदेश दिया था. रिपोर्ट के अनुसार, राशि का भुगतान नहीं होने पर निष्पादन व्यय समेत बकाया रकम 13,60,406.71 रुपए हो गई. इसके बाद अदालत ने 12 अक्टूबर 2026 को कुर्की वारंट जारी किया.
डिक्रीधारी की ओर से नगर पंचायत डोंगरगांव और राजनांदगांव स्थित कार्यालयों की चल संपत्तियों की सूची अदालत में पेश की गई है. सूची में करीब 31 लाख रुपए मूल्य की संपत्तियां बताई गई हैं. इनमें 20 एसी की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपए, 10 शासकीय वाहनों की कीमत करीब 25 लाख रुपए और टेबल, चेयर, कुर्सी व पंखों की कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई गई है. करीब 1 लाख रुपए के कूलर और अलमारी भी सूची में शामिल हैं.
अदालत के निर्देश के मुताबिक, निर्धारित समय तक भुगतान नहीं होने पर सूचीबद्ध संपत्तियों की कुर्की कर रिपोर्ट न्यायालय में पेश करनी होगी. मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर 2026 को तय की गई है.
