राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुलिस ने नकली शराब की बॉटलिंग और उससे जुड़े नकली लेबल-होलोग्राम तैयार करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई डोंगरगढ़ पुलिस, मोहारा चौकी और साइबर/क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से की. पुलिस के अनुसार, मामले में दो मुख्य आरोपी अब भी फरार हैं.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विचारपुर निवासी तेजेश्वर साहू (26), मोहारा निवासी देवव्रत वर्मा (20) और डोंगरगढ़ निवासी आनंद अग्रवाल (47) के रूप में बताई गई है. पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर देवव्रत वर्मा ने फरार आरोपी महेंद्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी के कहने पर ‘जम्मू व्हिस्की’ के 3,000 नकली लेबल और 3,000 होलोग्राम स्टीकर छपवाए थे. दोनों के बीच हुए UPI लेन-देन के स्क्रीनशॉट भी जांच में मिलने की बात कही गई है.
प्रिंटिंग दुकान और आरोपियों से जब्ती
पुलिस के मुताबिक, तेजेश्वर साहू की ‘डायमंड कलेक्शन’ प्रिंटिंग दुकान से कंप्यूटर सेट, कोनिका मिनोल्टा लेजर प्रिंटर, रेडमी मोबाइल, प्रिंटेड स्टीकर पेपर और A4 साइज के होलोग्राम पेपर जब्त किए गए. इस सामान की कीमत करीब 1.50 लाख रुपए बताई गई है. देवव्रत वर्मा के पास से एक नकली लेबल, एक होलोग्राम और Nothing Phone (3a) बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए आंकी गई है.
आनंद अग्रवाल के पास से CSMCL और CGFL लिखी 2,100 प्लास्टिक बोतलें तथा Samsung मोबाइल जब्त किया गया. मोबाइल की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है.
इस मामले में पुलिस पहले दउवा वर्मा और नंद किशोर वर्मा उर्फ छोटा कट्टी को गिरफ्तार कर चुकी है. मोहारा के एक बोरघर से 497 पव्वे यानी 89.46 बल्क लीटर शराब, नकली लेबल, खाली बोतलें और मेटल के ढक्कन भी मिले थे. आबकारी विभाग की जांच में शराब मिलावटी पाई गई और उसे दोबारा बोतलों में भरने की बात सामने आई. पुलिस के अनुसार, अब तक कुल 2,42,462 रुपए का सामान जब्त किया गया है. केस अपराध क्रमांक 537/2026 के तहत BNS और आबकारी अधिनियम की धाराओं में दर्ज है.
