छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ के मोहारा क्षेत्र में अवैध शराब के कथित डंप के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस के अनुसार, साइबर सेल और मोहारा पुलिस की संयुक्त टीम ने खेत में बने एक बोरघर में छापा मारकर 497 पौवा शराब जब्त की. इसकी मात्रा 89.46 बल्क लीटर बताई गई है.

बरामद शराब में उत्तराखंड निर्मित रॉयल गोवा के 429 पौवा और छत्तीसगढ़ निर्मित जम्मू स्पेशल के 68 पौवा शामिल हैं. कार्रवाई के दौरान पुलिस को शराब के साथ बड़ी मात्रा में पैकिंग सामग्री भी मिली. इसमें 2,820 स्टीकर, 2,541 लेबल पर्चियां, 303 खाली प्लास्टिक शीशियां और 598 ढक्कन शामिल हैं.

पुलिस ने मामले में दउवा वर्मा और नंदकिशोर वर्मा उर्फ छोटे कट्टी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़े कट्टी की भूमिका सामने आई है और उसकी तलाश की जा रही है.

जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि शराब कहां से लाई गई थी, पैकिंग सामग्री किसने उपलब्ध कराई और खाली शीशियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बरामद शराब को कहां खपाने की तैयारी थी. पैकिंग सामग्री की मात्रा को देखते हुए जांच का दायरा कथित सप्लाई नेटवर्क तक बढ़ाया गया है.