राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों मामलों में कुल 113.58 लीटर शराब जब्त की गई है.

खंडहर मकान से 110.52 लीटर शराब बरामद

पहली कार्रवाई ग्राम मुरमुंदा में हुई. पुलिस को 13 सितंबर को सूचना मिली थी कि खेमलाल कदम उर्फ गुड्डू अपने घर के पास स्थित एक पुराने खंडहर मकान में शराब छिपाकर बेच रहा है. पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, लेकिन आरोपी वहां से फरार हो गया.

पुलिस के मुताबिक, गवाहों की मौजूदगी में खंडहर मकान की तलाशी लेने पर प्लास्टिक की बोरियों में रखी 614 पाव शराब बरामद हुई. इसकी कुल मात्रा 110.52 लीटर और अनुमानित कीमत 66,630 रुपये बताई गई है. इस मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की गई थी.

पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और लगातार तलाश के बाद खेमलाल कदम को 21 सितंबर को ग्राम मुरमुंदा से पकड़ा गया. पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

होटल के सामने बिक्री का आरोप

दूसरी कार्रवाई 20 सितंबर को खैरागढ़ रोड स्थित बगीचा होटल के सामने हुई. पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मिली सूचना पर टीम ने घेराबंदी की और करनैल सिंह भाटिया को थैले में शराब रखकर बेचने के आरोप में पकड़ा. उसके पास से 17 पाव सुपर 36 मसाला देशी मदिरा बरामद हुई, जिसकी मात्रा 3.060 बल्क लीटर और कीमत 1,900 रुपये बताई गई है.

करनैल सिंह भाटिया के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई. पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है.