छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ थाना क्षेत्र के चौथना गांव में 9 अक्टूबर की रात मां-बेटे की हत्या कर दी गई. हमले में उनकी बेटी भी गंभीर रूप से घायल हुई है. पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके दो बेटों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, वारदात के पीछे परिवार में चल रहा जादू-टोने का शक बताया जा रहा है.

मृतकों की पहचान कमला सोनकर और उनके बेटे खुमेन्द्र सोनकर के रूप में हुई है. घायल बेटी का नाम ममता सोनकर बताया गया है. पुलिस के मुताबिक, कमला का परिवार गांव में सब्जी बेचने का काम करता था. घटना के समय कमला के पति सुखी सोनकर घर से बाहर थे.

घर में मिले मां-बेटे के शव

जानकारी के अनुसार, आरोपी रात में कमला सोनकर के घर में घुसे और धारदार हथियार से हमला किया. हमले में कमला और उनके बेटे की मौत हो गई, जबकि ममता गंभीर रूप से घायल होकर घर में पड़ी मिलीं. ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ममता को डोंगरगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर किया गया.

सुखी सोनकर के घर लौटने पर उन्हें पत्नी और बेटे के शव मिले, जबकि बेटी घायल अवस्था में मिली. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिवार के सदस्यों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ शुरू की.

पूछताछ के बाद तीन गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, जांच में बलीराम सोनकर की पत्नी केशर सोनकर को शक था कि कमला जादू-टोना करती हैं. उन्हें आशंका थी कि इसी वजह से उनके परिवार के लोग बीमार पड़ रहे हैं. इसी शक और पारिवारिक विवाद को वारदात की वजह बताया गया है.

पुलिस ने घटना के बाद फरार चल रहे हेमंत कुमार सोनकर को 12 अक्टूबर को हिरासत में लिया. पूछताछ और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर उसके भाई सोनू सोनकर और मां केशर सोनकर की भूमिका सामने आने की बात पुलिस ने कही. इसके बाद तीनों को गिरफ्तार किया गया.

पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की. घटना के समय पहने गए कपड़ों और कुल्हाड़ी के लकड़ी के बेंट को जलाने का प्रयास किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर लोहे की कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस ने बताया कि साजिश और साक्ष्य मिटाने से जुड़े प्रावधानों के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 61(2) और 238 भी जोड़ी गई हैं. आरोपों की आगे जांच जारी है.