छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ में शनिवार तड़के कार और स्कूटी की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई. हादसा डोंगरगढ़-मुरमुंदा रोड पर सुबह करीब 4 बजे हुआ. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल की मदद से आग बुझाई गई.

आग इतनी तेजी से फैली कि कार पूरी तरह जलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. स्कूटी भी आग की चपेट में आकर जल गई. मौके पर जले हुए वाहनों के अवशेष और क्षतिग्रस्त स्कूटी मिली.

कार में सवार लोगों की स्थिति स्पष्ट नहीं

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार में सवार लोग गोंदिया के निवासी बताए जा रहे हैं. बताया गया है कि परिवार राजनांदगांव से डोंगरगढ़ की ओर जा रहा था और मां बम्लेश्वरी के दर्शन के बाद गोंदिया लौटने की तैयारी में था. हालांकि कार में कितने लोग सवार थे और हादसे के बाद उनकी स्थिति क्या रही, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

क्षतिग्रस्त कार पर MH35KR5879 नंबर दिखाई देने की जानकारी है. नंबर के आधार पर उसके महाराष्ट्र में पंजीकृत होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन वाहन मालिक और पंजीयन संबंधी विवरण की पुष्टि पुलिस या संबंधित विभाग की जांच के बाद होगी.

स्कूटी चालक की पहचान का प्रयास

हादसे के बाद मौके पर मिली स्कूटी के मालिक या चालक का पता नहीं चल सका. सुबह करीब 8:30 बजे तक उसके सामने नहीं आने की जानकारी थी. पुलिस स्कूटी के मालिक और हादसे के समय उसे चला रहे व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है.

पुलिस यह भी जांच कर रही है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई, वाहनों की गति कितनी थी और आग किस वजह से भड़की. शुरुआती तौर पर स्पार्किंग की बात सामने आई है, लेकिन आग लगने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा. फिलहाल दुर्घटना में किसी की मौत या घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं है.