छत्तीसगढ़ के डोंगरगढ़ शहर में बस स्टैंड स्थित SBI ATM बूथ में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात चोरी की कोशिश का मामला सामने आया. पुलिस के अनुसार, एक युवक हथौड़ी और छीनी लेकर ATM बूथ में पहुंचा और मशीन के कवर तथा दरवाजे वाले हिस्से को तोड़ने की कोशिश की. इस दौरान ATM का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन रकम चोरी नहीं हो सकी.
बताया गया है कि युवक ने सबसे पहले बूथ में लगे CCTV कैमरे को नुकसान पहुंचाया. इसके बाद उसने ATM मशीन पर लगातार वार किए. बूथ में संदिग्ध गतिविधि देखकर आसपास के स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी. कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची.
स्थानीय निवासी और SBI कर्मचारी अंजल निगम के मुताबिक, वह रात में एक रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़कर लौट रहे थे. इसी दौरान उन्होंने ATM बूथ के पास कुछ लोगों को देखा, जो एक संदिग्ध युवक को पकड़े हुए थे. इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई.
डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक के अनुसार, पुलिस टीम ने ATM के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा. उसके पास से हथौड़ी और छीनी बरामद हुई. पूछताछ में उसकी पहचान अंडी निवासी सेवाराम वर्मा के रूप में हुई है. SDOP ने बताया कि युवक नशे की हालत में था और शुरुआती पूछताछ में ज्यादा जानकारी नहीं दे सका.
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक अकेले ATM तक पहुंचा था या उसके साथ कोई और भी शामिल था. मामले में आगे की जांच जारी है.
