केंद्रीय दूरसंचार विभाग ने देशभर के मोबाइल यूजर्स को फर्जी तरीके से सिम लेने और दूरसंचार पहचान के दुरुपयोग को लेकर आगाह किया है. विभाग के अनुसार, टेलीकम्युनिकेशन एक्ट, 2023 के तहत ऐसे मामलों में तीन साल तक की जेल और 50 लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है.
विभाग ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों से सिम लेना, किसी दूसरे व्यक्ति की पहचान का इस्तेमाल कर मोबाइल कनेक्शन हासिल करना या अपने नाम पर जारी सिम को धोखाधड़ी के लिए किसी अन्य व्यक्ति को देना कानूनी कार्रवाई के दायरे में आता है. नियमों का उल्लंघन मिलने पर एफआईआर, जुर्माने और गिरफ्तारी की कार्रवाई हो सकती है.
IMEI और कॉलिंग आईडी से छेड़छाड़ भी अपराध
मोबाइल हैंडसेट के IMEI नंबर में बदलाव करना या बदले हुए IMEI वाले फोन का इस्तेमाल करना भी गैरकानूनी बताया गया है. इसी तरह एप या वेबसाइट के जरिए वास्तविक नंबर छिपाकर किसी दूसरे व्यक्ति का नंबर दिखाते हुए कॉल करना, यानी कॉलिंग आईडी में हेरफेर करना, भी कार्रवाई के दायरे में है. विभाग ने ऐसी गतिविधियों को दूरसंचार नेटवर्क और सुरक्षा के लिए खतरा बताया है.
भारत में सामान्य तौर पर एक व्यक्ति अपने नाम पर अधिकतम नौ मोबाइल कनेक्शन रख सकता है. जम्मू-कश्मीर, असम और उत्तर-पूर्वी राज्यों में यह सीमा छह कनेक्शन है. दूरसंचार कंपनियों को डिजिटल इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म से अपने सिस्टम जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं. कंपनियों को यह एकीकरण 30 नवंबर 2026 तक पूरा करना है.
संचार साथी पर ऐसे करें जांच
यूजर्स संचार साथी पोर्टल या एप पर अपने नाम से सक्रिय मोबाइल नंबरों की सूची देख सकते हैं. ऐसा नंबर मिलने पर, जिसका वे इस्तेमाल नहीं करते, उसकी रिपोर्ट की जा सकती है.
छत्तीसगढ़ में एक मामले की जांच में 410 से अधिक लोगों के दस्तावेजों पर अतिरिक्त सिम जारी होने की बात सामने आई थी. पुलिस ने इस मामले में मध्यप्रदेश के मैहर निवासी रामकृष्ण कुशवाहा को गिरफ्तार किया था. आरोप है कि ग्राहकों से बायोमेट्रिक मशीन पर दो बार अंगूठा लगवाकर एक अतिरिक्त सिम निकाला जाता और उसे बाद में साइबर ठगों को बेच दिया जाता था.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले एक साल में फर्जी बैंक खातों, सिम जारी करने और साइबर ठगी से जुड़े मामलों में करीब 400 लोगों को गिरफ्तार किया गया तथा 3,000 से अधिक बैंक खाते होल्ड कराए गए. इन खातों से करीब 60 करोड़ रुपये की ठगी का उल्लेख किया गया है.
