रायपुर. छत्तीसगढ़ डॉक्टर्स फेडरेशन (CGDF) ने स्वास्थ्य विभाग के उप संचालक डॉ. धर्मेन्द्र कुमार गहवई के खिलाफ 21 अक्टूबर को जारी निलंबन आदेश का विरोध किया है. फेडरेशन ने छत्तीसगढ़ इन-सर्विस डॉक्टर्स एसोसिएशन (CIDA) के रुख का समर्थन करते हुए कार्रवाई की निष्पक्ष और पारदर्शी समीक्षा की मांग की है.
CGDF के अनुसार, डॉ. गहवई ने स्वास्थ्य सेवा संचालनालय (DHS) में एडिशनल डायरेक्टर जैसे चिकित्सकीय संवर्ग के प्रशासनिक पदों पर गैर-चिकित्सकीय अधिकारियों की पदस्थापना को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में चुनौती दी थी. फेडरेशन का कहना है कि ऐसे में उसी मामले के याचिकाकर्ता चिकित्सक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई सवाल खड़े करती है.
फेडरेशन ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा जैसे तकनीकी क्षेत्रों में प्रशासनिक पदों के लिए चिकित्सकीय ज्ञान, अनुभव और संबंधित संवर्ग की पात्रता महत्वपूर्ण है. उसके मुताबिक, चिकित्सकीय संवर्ग के लिए निर्धारित पदों पर गैर-चिकित्सकीय अधिकारियों की नियुक्ति से चिकित्सकों के संवर्गीय अधिकारों, वरिष्ठता और पदोन्नति के अवसर प्रभावित हो सकते हैं. इससे स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है.
CGDF ने कहा कि यह मुद्दा केवल DHS तक सीमित नहीं है. चिकित्सा शिक्षा संचालनालय (DME) में भी चिकित्सकीय संवर्ग के लिए निर्धारित पदों पर गैर-चिकित्सकीय अधिकारियों की पदस्थापना को लेकर सवाल हैं. फेडरेशन ने DHS और DME की विवादित पदस्थापनाओं की लागू सेवा नियमों, संवर्गीय पात्रता और वरिष्ठता के आधार पर वैधानिक समीक्षा की मांग की है.
निलंबन आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम, 1965 के नियम 3 और 22(क) के उल्लंघन का उल्लेख होने की बात कही गई है. हालांकि, CGDF ने आदेश के वास्तविक आधार, औचित्य और परिस्थितियों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग की है. फेडरेशन ने कहा कि वह विधिसम्मत विभागीय कार्रवाई का विरोध नहीं करता, लेकिन कार्रवाई की निष्पक्षता सुनिश्चित करना जरूरी है.
फेडरेशन के मुताबिक, यदि जांच में कार्रवाई प्रतिशोधात्मक या दुर्भावनापूर्ण पाई जाती है, तो निलंबन निरस्त किया जाना चाहिए. उसने यह भी कहा कि न्यायालय जाने वाले चिकित्सकों पर दबाव नहीं होना चाहिए और सेवा नियमों के तहत उनके वैधानिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए.
