छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 25 गांवों में जमीन से जुड़े राजस्व कार्यों पर लगी पाबंदियां हटा दी गई हैं. अब इन क्षेत्रों में खाता विभाजन, भूमि अंतरण, व्यपवर्तन और खरीदी-बिक्री की प्रक्रियाएं की जा सकेंगी. प्रशासन का आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा.

प्रशासन के अनुसार, ईस्ट-वेस्ट डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर (दानकुनी-सूरत) के प्रस्तावित अलाइनमेंट में आने वाली जमीनों के संबंध में जून में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए थे. संबंधित विद्युत विभाग से मिले पत्रों के आधार पर कलेक्टर अभिजीत सिंह ने अब इन प्रतिबंधों को समाप्त करने का आदेश जारी किया है.

किन गांवों को मिली राहत

दुर्ग अनुभाग के बिरेझर, चंगोरी, कोनारी, चंदखुरी, हनोदा, खम्हरिया, उमरपोटी, उतई और डुमरडीह इस सूची में शामिल हैं. पाटन अनुभाग के परेवाडीह, पंहडोर, औंधी, मगरघटा, बेन्द्री, नारधी, महकाकला, महकाखुर्द, कुरूदडीह और बटंग गांवों पर भी यह निर्णय लागू होगा.

इसके अलावा भिलाई-3 अनुभाग के सोमनी, सिरसाकला, परसदा (पाहंदा), गनियारी, देवबलोदा और उरला गांवों को भी प्रतिबंध हटने का लाभ मिलेगा. निर्णय के बाद इन गांवों में भूमि लेनदेन और संबंधित राजस्व प्रक्रियाओं के लिए प्रशासनिक अड़चन दूर हो गई है.