दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से जुड़े वित्तीय नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जिले में 3,162 म्यूल बैंक खातों की पहचान की है. पुलिस के अनुसार, इन खातों का इस्तेमाल अवैध धनराशि जमा करने और उसे अलग-अलग बैंक खातों व डिजिटल माध्यमों से ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था.

पुलिस ने बताया कि 63 FIR में 1,668 खातों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है. इन मामलों में अब तक 257 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. साइबर ठगी और ऑनलाइन सट्टे से संबंधित मामलों में कुल 2,75,50,091 रुपये की विवादित राशि पर होल्ड लगाया गया है, ताकि रकम की आगे निकासी या ट्रांसफर रोका जा सके.

578 खातों का सत्यापन जारी

दुर्ग पुलिस के अनुसार, 578 म्यूल बैंक खातों के संबंध में सत्यापन और इस्तगासा की कार्रवाई की गई है. खाताधारकों और बैंकिंग जानकारी की जांच जारी है. वहीं, 916 खाते फिलहाल लंबित हैं. इनके संबंध में तकनीकी और वित्तीय विश्लेषण के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

जांच के दौरान पुलिस शिकायतों, बैंकिंग लेन-देन, KYC दस्तावेज, UPI ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है. कार्रवाई में बैंक रिकॉर्ड, ATM कार्ड, चेकबुक, पासबुक, मोबाइल फोन, SIM कार्ड, KYC दस्तावेज और अन्य डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक, अपराधी कमीशन या आसान कमाई का लालच देकर लोगों से बैंक खाते हासिल करते हैं. दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, ATM कार्ड, चेकबुक, पासबुक, SIM, OTP, UPI या इंटरनेट बैंकिंग से जुड़ी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न दें. ऐसे प्रस्ताव मिलने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल या नजदीकी थाने में सूचना देने को कहा गया है.