मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को दुर्ग जिले के दौरे के दौरान 362 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इन कार्यों की कुल लागत 402 करोड़ 12 लाख 70 हजार रुपए है. कार्यक्रम रिसाली, भिलाई और भिलाई-चरोदा नगर निगम क्षेत्रों से जुड़े थे.
कुल कार्यों में 39 का लोकार्पण और 323 का भूमिपूजन शामिल है. लोकार्पित किए गए 39 कार्यों की लागत 118 करोड़ 58 लाख 75 हजार रुपए बताई गई है, जबकि भूमिपूजन किए गए 323 कार्यों पर 283 करोड़ 53 लाख 95 हजार रुपए खर्च होंगे.
तीन नगर निगम क्षेत्रों में विकास कार्य
रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपए से अधिक, भिलाई में 154 करोड़ रुपए से ज्यादा और भिलाई-चरोदा में 146 करोड़ रुपए से अधिक के कार्य शामिल हैं. इनमें सड़क और पेयजल समेत जरूरी नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रोजेक्ट बताए गए हैं. कार्यक्रम में पूरे हो चुके कार्यों का लोकार्पण और नए कार्यों की शुरुआत के लिए भूमिपूजन किया गया.
राजनीतिक मुद्दे पर मुख्यमंत्री साय ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को सकारात्मक बताया. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के प्रति जनता का विश्वास बढ़ा है, इसलिए दूसरी पार्टियां भी गठबंधन में जुड़ रही हैं.
साय ने दावा किया कि भाजपा और एनडीए की सरकारें 22 राज्यों में हैं और नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बने हैं. कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि करीब 55-60 साल तक देश में शासन करने वाली पार्टी अब सिमटकर रह गई है. उनके अनुसार, कांग्रेस की कथनी और करनी में अंतर के कारण जनता का भरोसा कम हुआ.
