दुर्ग में यात्रियों की सुरक्षा और ऑटो चालकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए यातायात पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. इसके तहत करीब 4 हजार ऑटो, ई-रिक्शा और रैपिडो वाहनों का पंजीयन कर उनमें QR कोड लगाए जा रहे हैं. चालकों को पहचान पत्र भी दिए जा रहे हैं.
यह अभियान रविवार को नेहरू नगर स्थित ट्रैफिक टॉवर में शुरू किया गया. यातायात पुलिस के अनुसार, पिछले दो से तीन महीनों में इन वाहनों का पंजीयन किया गया है. अब पंजीकृत वाहनों में QR कोड लगाने और चालकों को आईडी कार्ड देने का काम जारी है.
स्कैन करने पर दिखेगी चालक और वाहन की जानकारी
QR कोड स्कैन करने पर यात्री चालक और वाहन मालिक का नाम, वाहन नंबर, इंजन नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस तथा अन्य जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी जानकारी देख सकेंगे. पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि सफर शुरू करने से पहले वाहन में QR कोड लगा है या नहीं, इसकी जांच करें और उसे स्कैन कर जानकारी का सत्यापन करें.
एडिशनल एसपी ट्रैफिक कौशलेंद्र पटेल के अनुसार, अभियान का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा के साथ चालकों और वाहन मालिकों की पहचान का सत्यापन करना है. पुलिस के मुताबिक, चर्चा के दौरान ऐसे मामले सामने आए जिनमें नाबालिग बच्चे और बाहरी लोग जरूरी दस्तावेजों के बिना ऑटो चला रहे थे. अभियान के जरिए ऐसे चालकों की पहचान कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी.
आपात स्थिति में 112 पर कॉल का विकल्प
QR कोड से जुड़ी व्यवस्था में आपातकालीन सहायता के लिए 112 नंबर का फीचर भी जोड़ा गया है. किसी परेशानी या विपरीत परिस्थिति में यात्री संबंधित बटन दबाकर सीधे 112 पर कॉल कर सकेंगे. पुलिस के अनुसार, करीब 4 हजार वाहनों में QR कोड लगाने और चालकों को पहचान पत्र देने की प्रक्रिया अभी जारी है.
