दुर्ग. हेमचंद यादव विश्वविद्यालय दुर्ग की मेजबानी में 19 से 21 नवंबर तक 48वीं भारतीय सामाजिक विज्ञान कांग्रेस का आयोजन होगा. तीन दिवसीय अधिवेशन में देश-विदेश के वैज्ञानिक, शिक्षाविद, शोधार्थी, विद्यार्थी, नीति निर्माता और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे.
भारतीय सामाजिक विज्ञान अकादमी के इस वार्षिक अधिवेशन का केंद्रीय विषय ‘भारतीय भाषाओं में विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान’ रखा गया है. आयोजन में विज्ञान, शिक्षा, समाज और अनुसंधान से जुड़े विषयों पर शोध पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे और विशेषज्ञ अकादमिक विमर्श करेंगे. इसका उद्देश्य भारतीय भाषाओं में विज्ञान की पहुंच बढ़ाने, शोध को प्रोत्साहित करने और विज्ञान तथा सामाजिक विकास के संबंधों पर चर्चा करना है.
इस आयोजन में हेमचंद यादव विश्वविद्यालय के साथ शंकराचार्य प्रोफेशनल विश्वविद्यालय भिलाई, छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय भिलाई, आईआईटी भिलाई और पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर मेजबान संस्थान के रूप में शामिल हैं.
अधिवेशन के लिए 28 विषयगत अनुसंधान समितियां गठित की गई हैं. इनमें कृषि विज्ञान, मानवशास्त्र, इतिहास एवं संस्कृति, जैव विज्ञान, रसायन विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर विज्ञान, अर्थशास्त्र, शिक्षा, इंजीनियरिंग, पर्यावरण विज्ञान, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विज्ञान, भौतिकी, राजनीति विज्ञान, मनोविज्ञान और समाजशास्त्र जैसे विषय शामिल हैं.
इसके अलावा 21 अंतर्विषयी पैनलों में लोकतंत्र, मानवाधिकार, जलवायु परिवर्तन, जन स्वास्थ्य, गरीबी, ग्रामीण विकास, जैव विविधता तथा विज्ञान एवं सामाजिक विकास जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी.
छत्तीसगढ़ के विकास में विज्ञान शिक्षा और अनुसंधान की भूमिका पर विशेष संगोष्ठी भी होगी. इसमें हिंदी, छत्तीसगढ़ी और जनजातीय भाषाओं में विज्ञान शिक्षण, आदिवासी एवं ग्रामीण समुदायों की जरूरतों, स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों, कृषि, वन, जल, स्वास्थ्य, पोषण और पर्यावरण पर विचार किया जाएगा.
कार्यक्रम के साथ 12वां अखिल भारतीय युवा वैज्ञानिक सम्मेलन भी आयोजित होगा. इसमें शोधार्थियों और शुरुआती करियर के शिक्षकों को अपना मौलिक शोध प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा. खुले मंच और समूह चर्चाएं भी अधिवेशन का हिस्सा होंगी.
