दुर्ग जिले के ग्राम डुण्डेरा स्थित कचरू नगर में लंबे समय से बंद मकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को अभिरक्षा में लिया गया है. चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1 लाख 60 हजार रुपए बताई गई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से और उनकी निशानदेही पर 58,500 रुपए नकद के अलावा एलईडी टीवी, लैपटॉप, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, पंखे और अन्य घरेलू सामान बरामद किया गया है. घर से सोने के गहने और मोबाइल फोन भी चोरी होने की जानकारी शिकायत में दी गई है.
पड़ोसी की सूचना पर सामने आया मामला
चोरी का पता 9 अक्टूबर को चला. मकान मालिक आनंदु सुकुमारन काम के सिलसिले में विदेश में रहते हैं और उनका मकान लंबे समय से बंद था. परिवार भी दूसरे स्थान पर रहता है. पुलिस के मुताबिक, इसी स्थिति का फायदा उठाकर आरोपियों ने घर की रेकी की और पीछे का रसोई दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया.
मकान मालिक के बड़े भाई सदीश कुमार को पड़ोसी ने पीछे का दरवाजा खुला होने की सूचना दी. मौके पर पहुंचने पर दरवाजा टूटा और घर का सामान बिखरा मिला. इसके बाद उतई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने अपराध क्रमांक 501/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 305, 331(4), 317(2) और 3(5) में मामला दर्ज किया.
पुलिस ने राहुल धनकर (18), दुरपत धनकर (45) और रवि कुमार यादव (26) को गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि चोरी का कुछ सामान बेचकर मिली रकम आरोपियों ने आपस में बांटी थी. सामान खरीदने वालों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. विनोद देवांगन और अजय धनकर की तलाश जारी है.
