दुर्ग जिले के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति के बैंक खाते से उसकी जानकारी और सहमति के बिना करीब 2.30 लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में साथ काम करने वाले होरी लाल यादव (30) को गिरफ्तार किया है. अदालत में पेशी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.
पुलिस के अनुसार, राजीव नगर, सुपेला निवासी दिनेश यादव का कैनरा बैंक, सुपेला में खाता है. दिनेश पढ़े-लिखे नहीं हैं और बैंक में रुपये जमा करने या निकालने के लिए होरी लाल की मदद लेते थे. इसी वजह से होरी लाल को उनके खाते और लेनदेन की जानकारी थी.
आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर होरी लाल ने 24 अगस्त 2025 से 7 मार्च 2026 के बीच अलग-अलग किस्तों में रकम निकाली. खाते से रुपये निकलते रहे, लेकिन दिनेश को इसकी जानकारी बाद में हुई. इसके बाद उन्होंने वैशाली नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 430/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के तहत मामला जांच में लिया. पुलिस ने दिनेश और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा बैंक लेनदेन की जानकारी जुटाई. पूछताछ में आरोपी ने करीब 2.30 लाख रुपये निकालकर खर्च करने की बात स्वीकार की, ऐसा पुलिस का कहना है. जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद 13 नवंबर को उसकी गिरफ्तारी की गई.
