बिलासपुर. छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने दुर्ग स्थित भारती आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीएएमएस की 100 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दे दी है. अदालत के आदेश के बाद कॉलेज के लिए आगामी काउंसलिंग में शामिल होने का रास्ता साफ हो गया है.
हाईकोर्ट की सिंगल बेंच ने राष्ट्रीय भारतीय चिकित्सा प्रणाली आयोग के चिकित्सा मूल्यांकन एवं रेटिंग बोर्ड के 2 जुलाई 2026 के आदेश को रद्द कर दिया. अदालत ने इस आदेश के खिलाफ पहली और दूसरी अपील खारिज किए जाने वाले 12 अगस्त और 19 अक्टूबर 2026 के आदेशों को भी निरस्त कर दिया.
कोर्ट ने निर्देश दिया है कि कॉलेज को 25 नवंबर से शुरू होने वाले स्ट्रे वैकेंसी राउंड की काउंसलिंग में 100 स्वीकृत सीटों के लिए शामिल किया जाए. इससे 2026-27 सत्र में इन सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी.
याचिकाकर्ता कॉलेज की ओर से अदालत को बताया गया कि संस्थान वर्ष 2016-17 से बीएएमएस पाठ्यक्रम संचालित कर रहा है और उसे 100 सीटों की क्षमता के लिए समय-समय पर अनुमति मिलती रही है. वर्ष 2025-26 के लिए भी कॉलेज को विस्तारित अनुमति दी गई थी.
कॉलेज ने 1 दिसंबर 2025 को अनुपालन रिपोर्ट पेश कर पूर्व में बताई गई कमियों को दूर करने की जानकारी दी थी. रिपोर्ट में शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ के साथ आधार आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली से जुड़े नियमों के पालन का भी उल्लेख किया गया था.
