दुर्ग जिले में चोरी और लूट की दो अलग-अलग घटनाओं में पुलिस ने कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सिटी कोतवाली पुलिस ने निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां चोरी होने के मामले में दो लोगों को पकड़ा है. वहीं, पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिलाओं से चेन लूट के दो मामलों में चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं.

निर्वाचन कार्यालय से मतपेटियां चोरी

पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर 2026 को निर्वाचन कार्यालय के गोदाम से 10 मतपेटियां गायब मिली थीं. इनकी कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई गई है. चौकीदार ने एक व्यक्ति को मतपेटी ले जाते देखा था. जांच के बाद पुलिस ने युशु यादव (22) और कबाड़ी देवानंद सोनी (65) को गिरफ्तार किया.

पूछताछ के बाद देवानंद के कब्जे से छह मतपेटियां बरामद की गईं. पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ई-रिक्शा CG 07 CR 0648, जिसकी कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है, और 200 रुपये नकद भी जब्त किए. जब्त सामग्री की कुल कीमत 76,200 रुपये बताई गई है. इस मामले में दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. बाकी चार मतपेटियों की तलाश जारी है.

बुजुर्ग महिलाओं से चेन लूट के दो मामले

पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को पद्मनगर, भिलाई-3 निवासी एस. मुरली मनोहर अपनी पत्नी एम. माधवी के साथ शिव मंदिर के पास कपड़े की दुकान से लौट रहे थे. इसी दौरान पता पूछने के बहाने आए आरोपियों ने उनकी पत्नी के गले से सोने की चेन लूट ली. इस मामले में पुरानी भिलाई थाने में अपराध क्रमांक 575/2026 दर्ज किया गया था.

जांच के दौरान पुलिस ने 13 जनवरी 2026 को इंदिरा नगर, भिलाई-3 में हुई एक अन्य चेन लूट का मामला भी सुलझाने का दावा किया. इस घटना में 71 वर्षीय सावित्री ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पता पूछने या किसी अन्य बहाने से महिलाओं को रोककर आभूषण झपटने और उन्हें बेचने की बात पूछताछ में बताई है. डोंगरगढ़ और रायपुर के ज्वेलर्स को आभूषण बेचने संबंधी जानकारी की भी जांच की जा रही है.

इस मामले में सूरज बढ़ाईक, लक्ष्मण साहू, कुलदीप सिंह और दीप सिंह उर्फ दीपक को गिरफ्तार किया गया. आरोपियों की निशानदेही पर 19 ग्राम 410 मिलीग्राम गलाया हुआ सोना, एक एक्टिवा और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई. चारों आरोपियों को 23 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया गया.