छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) के एक जवान को कथित तौर पर अगवा कर बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है. आरोप है कि करीब 11 लाख रुपये के पुराने लेन-देन के विवाद में जवान से जबरन स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए. पुलिस ने मामले में एक महिला और उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया है.
पीड़ित जवान की पहचान विजय शील के रूप में हुई है. वह रायगढ़ स्थित CAF की छठवीं बटालियन में पदस्थ है. जानकारी के मुताबिक, लेन-देन से जुड़े विवाद के सिलसिले में वह दुर्ग आया था. आरोप है कि कोतवाली थाने की ओर जाते समय कुछ लोग उसे जबरन अपने साथ ले गए. इसके बाद उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर के पास स्थित एक कॉलोनी के मकान में रखा गया.
जवान के मुताबिक, वहां उसके साथ मारपीट की गई और दबाव बनाकर स्टाम्प पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए. बंधक बनाए जाने के दौरान उसने अपने मोबाइल से कमांडेंट और वरिष्ठ अधिकारियों को लाइव लोकेशन भेज दी. इसके बाद वह किसी तरह आरोपियों के कब्जे से निकलकर जंगल में छिप गया और अपने यूनिट हेड को घटना की जानकारी दी.
यूनिट हेड की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस ने जवान की तलाश शुरू की. पुलिस ने रातभर खोजबीन के बाद उसे सुबह सुरक्षित बरामद किया.
जवान की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, हरजिंदर कौर (47) और उसके ड्राइवर कृष्ण कुमार सिन्हा (37) को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पर जवान को बंधक बनाने, मारपीट करने और जबरन दस्तावेज पर हस्ताक्षर कराने के आरोप हैं. मामले में अन्य पहलुओं और संभावित रूप से शामिल लोगों की जांच जारी है.
