दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र में 11 लाख रुपये के लेनदेन विवाद को लेकर छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के एक आरक्षक को कथित तौर पर अगवा कर बंधक बनाने और मारपीट करने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में एक महिला और उसके चालक को गिरफ्तार किया है. दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजे जाने की जानकारी दी गई है.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित आरक्षक विजयशील रायगढ़ स्थित सीएएफ की छठवीं बटालियन में पदस्थ है. वह पारिवारिक काम से अपने गृह ग्राम खैरागढ़ से रविवार को दुर्ग आया था. इसी दौरान कोहका निवासी हरजिंदर कौर उर्फ हरजीत कौर ने उसे दुर्ग बस स्टैंड पर मिलने के लिए बुलाया. पुलिस का कहना है कि आरक्षक ने महिला से पहले 11 लाख रुपये उधार लिए थे और रकम लौटाने को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
आरोप है कि बस स्टैंड पर महिला ने नाश्ता करने के बहाने आरक्षक को अपनी कार में बैठाया. इसके बाद महिला और उसका चालक कृष्ण कुमार सिन्हा उसे पुलगांव थाना क्षेत्र के गोकुल नगर स्थित एक मकान में ले गए. पुलिस के मुताबिक, वहां आरक्षक को बंधक बनाकर रकम की वसूली के लिए उसके साथ मारपीट की गई.
पुलिस के अनुसार, बंधक बनाए जाने के दौरान आरक्षक ने आरोपियों की नजर बचाकर अपने वरिष्ठ अधिकारियों को व्हाट्सऐप के जरिए लाइव लोकेशन भेजी. सूचना मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलगांव थाना पुलिस ने लोकेशन के आधार पर ठिकाने पर दबिश दी और आरक्षक को सुरक्षित मुक्त कराया.
पुलिस ने हरजिंदर कौर (47) और कृष्ण कुमार सिन्हा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3), 251 और 115(2) समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है. आरोपों की आगे न्यायिक प्रक्रिया में जांच होगी.
