छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चेन स्नैचिंग के मामलों में पुलिस ने एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों बीटेक इंजीनियरिंग के छात्र हैं और कॉलेज में साथ पढ़ते हैं. आरोपियों की पहचान विक्की नायक और तरूणा सिन्हा के रूप में बताई गई है. मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है.

पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब साढ़े छह बजे घर के बाहर टहल रही थीं. इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली. 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को निशाना बनाए जाने की बात पुलिस ने कही है.

लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की.

एएसपी मणिशंकर चंद्रा के मुताबिक, आरोपी सुबह स्कूटी से घूमकर पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे. युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक मौका मिलते ही चेन झपटता था. पहचान छिपाने के लिए हेलमेट और कपड़े का इस्तेमाल किया जाता था.

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है. दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया.