दुर्ग में शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को ‘छत्तीसगढ़ टैक्स टेक समिट 2026’ का आयोजन किया गया. छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के तत्वावधान और दुर्ग टैक्स बार एसोसिएशन की मेजबानी में हुए इस सम्मेलन में GST समेत कर प्रणाली में तकनीकी सुधार और सुविधाओं के विकास पर चर्चा हुई.
कार्यक्रम में GST अपीलीय न्यायाधिकरण (GSTAT) की प्रिंसिपल बेंच, नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. जस्टिस (सेवानिवृत्त) संजय कुमार मिश्रा मुख्य अतिथि रहे. छत्तीसगढ़ के विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेंद्र यादव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी भी कार्यक्रम में शामिल हुए. रायपुर बेंच के तकनीकी सदस्य सतीश कुमार अग्रवाल और वरिष्ठ अधिवक्ता एमसी जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
कर प्रणाली को सरल बनाने पर जोर
वक्ताओं ने GST सुविधाओं में हुए तकनीकी विकास, कर प्रणाली के सरलीकरण और कर सलाहकारों तथा अधिवक्ताओं के सामने आने वाले व्यावहारिक पहलुओं पर विचार साझा किए. छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के प्रदेश अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने कर प्रशासन और शिक्षा से जुड़े कई सुझाव रखे.
अधिवक्ताओं के लिए बार रूम स्थापित करने और करदाताओं तथा कर अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय के लिए ‘संवाद’ एडवाइजरी मीट आयोजित करने का प्रस्ताव दिया गया. वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बार रूम की मांग स्वीकार करने की घोषणा की.
GSTAT की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए AI चैटबॉट शुरू करने का सुझाव भी दिया गया. विधि मंत्री गजेंद्र यादव के सामने LLB पाठ्यक्रम में GST और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर विस्तृत विषय शामिल करने का प्रस्ताव रखा गया.
समिट के तकनीकी सत्र में हैदराबाद से आए सीए विजय श्रीनिवास कोठापल्ली ने नवीनतम कर प्रावधानों और तकनीकी पहलुओं पर जानकारी दी. कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
