दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम के लेन-देन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने छह खाताधारकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर अपने या अन्य लोगों के बैंक खाते साइबर ठगों को देते थे. इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम जमा करने और फिर उसे दूसरे बैंक खातों में ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था.

पुलिस की जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी एजेंटों के माध्यम से बैंक खाते उपलब्ध कराते थे. खातों के साथ एटीएम कार्ड, पासबुक, चेकबुक और सिम कार्ड भी सौंपे जाते थे. पुलिस ने बैंक खातों में हुए लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की.

चार मामलों में पुलिस कार्रवाई

17 नवंबर को सुपेला, पद्मनाभपुर और मोहन नगर थानों में दर्ज चार मामलों में छह लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. सुपेला थाना क्षेत्र के दो मामलों में तीन, पद्मनाभपुर के एक मामले में दो और मोहन नगर के एक मामले में एक खाताधारक शामिल है.

सुपेला पुलिस ने आशीष कुमार साहू, नीतेश मसीह और धरम राज तिवारी को पकड़ा. पद्मनाभपुर पुलिस ने अमित मिश्रा और गिरजा सिन्हा को गिरफ्तार किया. मोहन नगर पुलिस ने बालोद जिले के ग्राम कादुल निवासी रविन्द्र कुमार दिवान के खिलाफ कार्रवाई की.

पासबुक और मोबाइल जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं. आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धोखाधड़ी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है.

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को न दें. ऐसे खातों का इस्तेमाल साइबर अपराध में होने पर खाताधारक भी कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं.