छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में साइबर ठगी की रकम मंगाने और उसे दूसरे खातों में ट्रांसफर करने के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने के आरोप में पुलिस ने 13 लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में इंडियन बैंक का एक एजेंट भी शामिल है.
जांच के अनुसार, आरोपी 5 हजार से 15 हजार रुपये तक कमीशन लेकर अपने या अन्य लोगों के बैंक खातों से जुड़े दस्तावेज और सिम कार्ड साइबर अपराधियों को देते थे. इन खातों का इस्तेमाल कथित तौर पर ठगी की रकम जमा करने और उसे अलग-अलग खातों में भेजने के लिए किया जाता था. पुलिस को इन खातों से लाखों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का पता चला है.
छह थानों की टीमों ने की कार्रवाई
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 21 अक्टूबर को विशेष अभियान चलाया गया. नेवई, पुरानी भिलाई, भिलाई भट्ठी, भिलाई नगर, सुपेला और खुर्सीपार थानों की टीमों ने एसीसीयू के साथ मिलकर कार्रवाई की. पुलिस ने आरोपियों के पास से बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक, सिम कार्ड, मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं.
पुलिस के मुताबिक, बैंक खातों के लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपियों की भूमिका सामने आई. अब इन खातों से जुड़े लेन-देन और नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है.
नेवई थाने ने चार, पुरानी भिलाई ने तीन, भिलाई भट्ठी ने एक, भिलाई नगर ने दो, सुपेला ने दो और खुर्सीपार थाने ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया. खुर्सीपार थाने की कार्रवाई में शामिल हिमांशु गोडांने उर्फ कालू को पुलिस ने इंडियन बैंक का एजेंट बताया है.
पुलिस ने छह थानों में दर्ज मामलों में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(2), 318(3) और 317(4) के तहत कार्रवाई की है. लोगों से अपील की गई है कि वे कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, सिम या बैंकिंग दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति को न दें. पुलिस ने चेताया है कि साइबर ठगी में खाते के इस्तेमाल होने पर खाताधारक भी जांच और कानूनी कार्रवाई के दायरे में आ सकता है.
