दीपावली के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे दुर्ग से दिल्ली जंक्शन के बीच फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाएगा. ट्रेन एक फेरे के लिए संचालित होगी और यात्रियों को आरक्षित बर्थ के साथ यात्रा का विकल्प मिलेगा.
रेलवे की जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 08795 दुर्ग-दिल्ली जंक्शन फेस्टिवल स्पेशल 2 नवंबर को सुबह 11 बजे दुर्ग से रवाना होगी. यह ट्रेन सुबह 11 बजकर 35 मिनट पर रायपुर पहुंचेगी और पांच मिनट के ठहराव के बाद 11 बजकर 40 मिनट पर आगे रवाना होगी.
ट्रेन दोपहर 1 बजकर 40 मिनट पर उसलापुर पहुंचेगी और 10 मिनट बाद वहां से चलेगी. इसके बाद इसका मार्ग शहडोल, कटनी मुड़वारा और सागर से होकर रहेगा. अगले दिन 3 नवंबर को ट्रेन रात 1 बजकर 30 मिनट पर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, 2 बजकर 34 मिनट पर ग्वालियर, सुबह 4 बजकर 05 मिनट पर आगरा कैंट और 4 बजकर 44 मिनट पर मथुरा पहुंचेगी.
रेलवे के समय के मुताबिक ट्रेन 3 नवंबर को सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी.
इस विशेष ट्रेन में कुल 18 कोच होंगे. इनमें दो पावर कार, एक स्लीपर कोच, 14 एसी थर्ड इकोनॉमी कोच और एक एसी सेकंड श्रेणी का कोच शामिल है.
