दुर्ग के वैशाली नगर थाना क्षेत्र में डॉक्टर के सूने मकान से हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी राहुल बंसोड़ अब भी फरार है. आरोपियों के कब्जे से 47 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी और डायमंड ज्वेलरी, वाहन तथा इलेक्ट्रॉनिक सामान समेत करीब एक करोड़ रुपये की संपत्ति बरामद की गई है.
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर नमिता मित्तल 17 अक्टूबर को परिवार के साथ घर में ताला लगाकर बाहर गई थीं. 23 अक्टूबर को लौटने पर उन्हें आलमारी से नकदी और कीमती आभूषण गायब मिले. जांच के दौरान पुलिस को राहुल बंसोड़ पर संदेह हुआ. इसके बाद टीम ने गोंदिया, नागपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज और भदोही तक आरोपियों की तलाश की.
पुलिस ने उत्तर प्रदेश से प्रदीप कुमार चौधरी को पकड़ा. उसकी निशानदेही पर चोरी की रकम और सोने के आभूषण घर के फर्श के नीचे खोदे गए गड्ढे से बरामद किए गए. पूछताछ में चोरी के कुछ आभूषण भदोही के ज्वेलर्स सोनू जायसवाल को बेचने की जानकारी सामने आने की बात पुलिस ने कही है.
एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, ज्वेलर्स ने कुछ सोने के आभूषणों को भट्टी में गलाकर उनका स्वरूप बदलने की कोशिश की थी. पुलिस का कहना है कि राहुल ने चोरी की रकम से दिल्ली में सेकंड हैंड XUV कार खरीदी, जबकि प्रदीप ने सुपर स्प्लेंडर बाइक, घर के निर्माण और अन्य खर्चों में रकम लगाई.
पुलिस के अनुसार, राहुल चोरी का माल लेने भिलाई पहुंचा था. घेराबंदी की भनक लगने पर वह सुपेला चौक के पास कार छोड़कर फरार हो गया और सहयोगियों को इनोवा से माल ले जाने को कहा. तड़के करीब तीन बजे पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा और इनोवा से नकदी व आभूषण बरामद किए. पुलिस अब राहुल की तलाश और शेष संपत्ति की बरामदगी में जुटी है.
