शारदीय नवरात्र के दौरान मां बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़ जाने वाले पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए दुर्ग यातायात पुलिस ने कुम्हारी से अंजोरा तक सुरक्षित पदयात्री कॉरिडोर तैयार किया है. यह व्यवस्था 11 से 19 अक्टूबर तक लागू रहेगी.

इस पूरे मार्ग पर यातायात पुलिस के तीन पेट्रोलिंग वाहन चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे. लाउडस्पीकर के जरिए श्रद्धालुओं से सड़क के बाईं ओर चलने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जाएगी. पदयात्रियों की प्राथमिक सहायता और मार्गदर्शन के लिए रास्ते में अस्थायी पुलिस सहायता केंद्र भी बनाए जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार पदयात्री कुम्हारी टोल प्लाजा से सिरसा गेट चौक, डबरापारा तिराहा, खुर्सीपार तिराहा, पावर हाउस अंडरब्रिज, मुर्गा चौक, सेंट्रल एवेन्यू, सेक्टर-9 चौक, ठगड़ा बांध ओवरब्रिज, जेल तिराहा, गौरव पथ, गांधी पुतला, पटेल चौक, गंजपारा, पुलगांव चौक और शिवनाथ नदी ब्रिज होते हुए अंजोरा बाईपास तक जाएंगे. इसके बाद वे राजनांदगांव के रास्ते डोंगरगढ़ पहुंचेंगे.

शहर में रूट डायवर्जन और प्रतिबंध

पावर हाउस अंडरब्रिज से सेंट्रल एवेन्यू की ओर जाने वाले चारपहिया वाहनों को फॉरेस्ट एवेन्यू और गैरेज रोड की ओर भेजा जाएगा. गंजपारा दुर्गा पंडाल के पास रात में वाहनों की आवाजाही गंज मंडी के पीछे से कराई जाएगी. पुलगांव चौक से आने वाली बसें महाराजा चौक और जेल तिराहा होकर बस स्टैंड जाएंगी.

दुर्ग शहर में रात के समय भारी और मध्यम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. पुलगांव चौक, पोटिया चौक, महाराजा चौक, जेल तिराहा, गुरुद्वारा तिराहा, धमधा रोड और नयापारा से शहर में आने वाले वाहनों को निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करना होगा.

पुलिस ने श्रद्धालुओं से बैग पर रेडियम स्टीकर लगाने, रिफ्लेक्टिव कपड़े पहनने, सड़क के किनारे या सर्विस लेन में चलने और सड़क पर बैठकर विश्राम न करने की अपील की है. देर रात यात्रा से बचने की सलाह भी दी गई है.