दुर्ग जिले के सेलूद में नशीली दवाओं की तस्करी के मामले में विशेष NDPS अदालत ने तीन दोषियों को 10-10 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने त्रिलोकी यादव, चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है. जुर्माना जमा नहीं करने पर तीनों को तीन महीने का अतिरिक्त साधारण कारावास भुगतना होगा.
विशेष न्यायाधीश पीएस मरकाम की अदालत ने मामले में रायपुर निवासी मोहम्मद कैश को साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया. अदालत के अनुसार, उसके खिलाफ पर्याप्त प्रमाण नहीं मिले. तीनों दोषियों को आर्थिक मदद देने के आरोप में भी संदेह का लाभ दिया गया.
धान मंडी के पास पुलिस ने की थी घेराबंदी
मामला 9 जनवरी का है. उतई थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सेलूद धान मंडी के पास नीले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक नशीली गोलियां बेचने के लिए खड़े हैं. सूचना के बाद पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन युवकों को पकड़ा. उनकी पहचान सेलूद के सतनामी पारा निवासी 27 वर्षीय त्रिलोकी यादव, धमतरी जिले के कुरुद के इंदिरा नगर निवासी 20 वर्षीय चेमन विश्वकर्मा और 24 वर्षीय हकीम खान के रूप में हुई.
तलाशी में त्रिलोकी यादव के पास से 48 कैप्सूल मिले. चेमन विश्वकर्मा और हकीम खान के कब्जे वाली प्लास्टिक की बोरी से 364 कैप्सूल बरामद किए गए. पुलिस ने कुल 263.68 ग्राम वजन के 412 नशीले कैप्सूल जब्त किए थे. इसके अलावा यामाहा मोटरसाइकिल, रियलमी और वनप्लस के मोबाइल फोन तथा नकदी भी जब्त की गई थी. जब्त सामान की कुल कीमत 1 लाख 37 हजार रुपये दर्ज की गई.
अदालत ने तीनों को NDPS कानून की धारा 22(सी) और 29 के तहत दोषी माना. अदालत ने नशीली दवाओं को नष्ट करने, मोबाइल फोन और नकदी को राजसात करने तथा मोटरसाइकिल के अधिहरण के निर्देश भी दिए हैं.
