दुर्ग में नवरात्रि और दुर्गा उत्सव के दौरान सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं. 9 अक्टूबर को पुलिस कंट्रोल रूम में हुई बैठक में जिले के 150 से ज्यादा बड़े और मध्यम दुर्गा पंडालों तथा गरबा आयोजनों के प्रतिनिधि शामिल हुए. अधिकारियों ने आयोजकों से सभी सुरक्षा इंतजाम समय पर पूरे करने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा.
बैठक में एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल, एएसपी ट्रैफिक कौशलेन्द्र पटेल, सीएसपी भिलाई नगर और एसडीएम भिलाई समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे. अधिकारियों ने आयोजकों के साथ भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने के उपायों पर चर्चा की.
बिजली और आग से बचाव पर जोर
पुलिस ने पंडालों को तय सुरक्षा मानकों के अनुसार बनाने और बिजली के तारों व कनेक्शनों की जांच कराने के निर्देश दिए. असुरक्षित वायरिंग और बिजली पर जरूरत से ज्यादा लोड से बचने को कहा गया. प्रत्येक पंडाल में आग बुझाने के यंत्र और अन्य जरूरी सुरक्षा उपकरण रखने होंगे. आपात स्थिति में लोगों को बाहर निकालने के लिए रास्ता खुला रखना होगा. दमकल वाहनों के आने-जाने के लिए भी पर्याप्त जगह छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.
प्रवेश-निकास और पार्किंग की व्यवस्था
आयोजकों को प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने, पर्याप्त स्वयंसेवक तैनात करने और रास्तों पर भीड़ जमा नहीं होने देने को कहा गया. वाहनों के लिए उचित पार्किंग तय करनी होगी और सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग रोकनी होगी. एंबुलेंस और दमकल वाहनों के लिए रास्ता हर समय खुला रखने पर भी जोर दिया गया.
पुलिस ने डीजे और लाउडस्पीकर के लिए निर्धारित ध्वनि सीमा और समय का पालन करने को कहा. आयोजकों को सुरक्षा संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) दी गई तथा पुलिस, प्रशासन और अग्निशमन विभाग के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए. संदिग्ध गतिविधि, विवाद या अव्यवस्था की सूचना तुरंत पुलिस को देने और अफवाहों से बचने की अपील भी की गई.
