दुर्ग पुलिस ने शादी कराने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी के आरोप में एक फर्जी मैरिज ब्यूरो के संचालक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया पर ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ नाम से प्रोफाइल संचालित करता था. इन प्रोफाइल में AI से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है.
पुलिस के अनुसार, आरोपी फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विवाह संबंधी प्रचार करता था. संपर्क करने वाले लोगों से बायोडाटा और उनकी पसंद पूछने के बाद शादी कराने का झांसा दिया जाता था. शुरुआत में 2,000 रुपये और बाद में अलग-अलग नामों से अन्य रकम क्यूआर कोड के जरिए जमा कराई जाती थी. भुगतान मिलने के बाद नंबर ब्लैकलिस्ट कर संपर्क बंद करने का आरोप है.
सूचना मिलने पर सुपेला पुलिस ने उत्तर गंगोत्री भवन स्थित परिसर में दबिश दी. मौके से संचालक परमानंद यादव के अलावा चार युवतियां मिलीं. पुलिस को उन्होंने बताया कि उन्हें नौकरी का झांसा देकर बुलाया गया था और 7,000 रुपये मासिक वेतन का भरोसा दिया गया था.
पुलिस ने 22 कीपैड मोबाइल, चार एंड्रॉयड मोबाइल, 16 सिम कार्ड, कंप्यूटर, वाई-फाई उपकरण, बैंक पासबुक-चेकबुक, क्यूआर कोड और 1.64 लाख रुपये नकद बरामद किए. कुल जब्ती 2.83 लाख रुपये बताई गई है. पूछताछ में यह कॉल सेंटर करीब तीन महीने से संचालित होने और रोजाना 20 से 50 कॉल किए या रिसीव किए जाने की जानकारी मिली. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
