दुर्ग के सुपेला क्षेत्र में पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए कथित तौर पर शादी का झांसा देकर ठगी करने वाले फर्जी मैरिज ब्यूरो का खुलासा किया है. पुलिस ने इसके संचालक परमानंद यादव (24) को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी AI से तैयार काल्पनिक युवतियों की तस्वीरों और फर्जी मोबाइल नंबरों के जरिए विवाह के इच्छुक लोगों से संपर्क करता था.
पुलिस के अनुसार, यह नेटवर्क फेसबुक और इंस्टाग्राम पर ‘कल्याण मैट्रिमोनी’, ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ और ‘फ्यूचर पार्टनर’ नाम से चलाया जा रहा था. विज्ञापन देखकर दूसरे राज्यों के लोग संपर्क करते थे. बातचीत के बाद उनसे बायोडाटा मंगवाया जाता और पसंद की लड़की से शादी कराने का भरोसा दिया जाता था.
QR कोड भेजकर भुगतान कराया
जांच के अनुसार, लोगों को मैरिज काउंसलर के नाम से बनाए गए बैंक खातों के QR कोड भेजे जाते थे. शुरुआत में करीब 2 हजार रुपए जमा कराने के बाद अन्य रकम भी मांगी जाती थी. भुगतान मिलने के बाद संबंधित व्यक्ति का मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट कर दिया जाता और संपर्क बंद कर दिया जाता था. पुलिस ने बताया कि कुछ बैंक खातों के खिलाफ भारत सरकार के समन्वय पोर्टल पर शिकायतें भी दर्ज मिली हैं.
पुलिस के मुताबिक, 29 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर गंगोत्री भवन में यूनियन बैंक के पास स्थित एक हॉल में ‘एलिट मैच मैट्रिमोनी’ के नाम से गतिविधि चल रही है. पुलिस टीम ने गवाहों के साथ वहां दबिश दी. मौके पर संचालक के साथ चार युवतियां भी काम करती मिलीं.
नौकरी के नाम पर युवतियों को बुलाने का आरोप
पूछताछ में युवतियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें अच्छी कंपनी में नौकरी और 7 हजार रुपए मासिक वेतन का आश्वासन देकर बुलाया गया था. दो दिन के प्रशिक्षण के बाद उन्हें ग्राहकों से मैरिज काउंसलर के रूप में बातचीत करने और QR कोड से भुगतान लेने का काम दिया गया. पुलिस का कहना है कि युवतियों को काम के वास्तविक स्वरूप की जानकारी नहीं थी.
पुलिस के अनुसार, यह गतिविधि करीब तीन महीने से चल रही थी और रोजाना लगभग 20 से 50 कॉल किए तथा प्राप्त किए जाते थे. तलाशी में कंप्यूटर, वाई-फाई उपकरण, 16 सिम कार्ड, 22 कीपैड मोबाइल, चार एंड्रॉयड फोन, चेकबुक, पासबुक, QR कोड, प्रचार सामग्री और ग्राहकों के नंबर व भुगतान का रिकॉर्ड रखने वाले रजिस्टर मिले.
पुलिस ने 1.64 लाख रुपए नकद समेत जब्त सामग्री की कुल कीमत 2,83,600 रुपए बताई है. आरोपी के खिलाफ सुपेला थाने में BNS की धारा 317(2) और 319(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है. उसे न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस जब्त दस्तावेजों और बैंक खातों की आगे जांच कर रही है.
