दुर्ग जिले के पाटन न्यायालय ने पिता की हत्या के मामले में बेटे डोमन लाल यदु (42) को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने उस पर 1,000 रुपये का अर्थदंड भी लगाया. जुर्माना जमा नहीं करने पर उसे पांच महीने का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा. फैसला अपर सत्र न्यायाधीश दुलार सिंह निर्मलकर ने 16 अक्टूबर 2026 को सुनाया.

अभियोजन के अनुसार, 21 अक्टूबर 2025 को ग्राम गाड़ाडीह में डोमन लाल का अपने भाई भूपेश यदु से विवाद हुआ था. परिवार के सदस्य एक ही मकान में अलग-अलग कमरों में रहते थे और आंगन साझा था. मृतक चुन्नी लाल यदु विवाद शांत कराने पहुंचे थे. इसी दौरान उनके सिर पर टंगिया से वार किए जाने का आरोप लगा. बीच-बचाव के दौरान शैलेन्द्री यदु के हाथ में भी चोट आई थी.

घायल चुन्नी लाल को इलाज के लिए भिलाई के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 29 अक्टूबर 2025 को उनकी मौत हो गई. पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टर डॉ. कल्याण कुमार सिंघा ने अदालत को बताया कि उनकी खोपड़ी के बाएं हिस्से में फ्रैक्चर था और सिर के भीतर काफी रक्तस्राव हुआ था. मौत का कारण गंभीर सिर की चोट बताई गई.

गवाहों के बयान और बरामदगी पर अदालत का निष्कर्ष

सुनवाई के दौरान परिवार के कुछ गवाहों ने कहा कि चोट लोहे की चादर गिरने से लगी थी और टंगिया से हमले की पुष्टि नहीं की. बचाव पक्ष ने इसी आधार पर बरी करने की मांग की और पुलिस की जांच व जब्ती कार्रवाई पर सवाल उठाए.

अभियोजन ने बताया कि जब्त टंगिया और आरोपी के कपड़ों पर इंसानी खून मिला था. अदालत ने माना कि आरोपी घटना के समय मौके पर मौजूद था और बचाव पक्ष लोहे की चादर गिरने की बात के समर्थन में कोई स्वतंत्र सबूत पेश नहीं कर सका. अन्य साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर हत्या का आरोप साबित माना गया.

अदालत ने BNS की धारा 331(6), 296, 351(3) और 118(1) के तहत लगाए गए चार अन्य आरोपों से डोमन लाल को बरी कर दिया. रिकॉर्ड के अनुसार, वह 23 अक्टूबर 2025 से 28 मार्च 2026 तक 156 दिन हिरासत में रहा. उसे सजा काटने के लिए दुर्ग केंद्रीय जेल भेजने का आदेश दिया गया.