दुर्ग जिले के स्मृति नगर स्थित हाईटेक सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में महिला अधिवक्ता बलबीर कौर (चौहान) की इलाज के दौरान हुई मौत के मामले में जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. कलेक्टर ने मामले की पड़ताल के लिए चार सदस्यीय समिति गठित कर 15 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को कहा है.
कलेक्टर के आदेश के अनुसार, अपर कलेक्टर वीरेंद्र सिंह समिति के अध्यक्ष होंगे. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी, जिला अस्पताल की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मिता सिन्हा और जिला अस्पताल की जनरल सर्जन डॉ. सरिता मिंज को समिति में सदस्य बनाया गया है.
समिति अस्पताल में मरीज के प्रवेश से लेकर उपचार तक की पूरी प्रक्रिया की जांच करेगी. इसके बाद वह अपने निष्कर्ष और सुझावों के साथ प्रशासन को रिपोर्ट सौंपेगी. बलबीर कौर की 1 नवंबर को अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई थी.
मौत के बाद परिजनों और दुर्ग जिला अधिवक्ता संघ ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने और मरीज के स्वास्थ्य की सही जानकारी नहीं देने के आरोप लगाए. वकीलों ने अस्पताल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने, अस्पताल प्रबंधन पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की.
हालांकि, अस्पताल के निदेशक डॉ. नवील शर्मा ने इलाज में लापरवाही के आरोपों से इनकार किया है. उनके अनुसार, ऑपरेशन के दौरान मरीज की हालत अचानक बिगड़ गई थी और एनेस्थीसिया विशेषज्ञ ने प्रक्रिया रुकवा दी थी. डॉक्टरों को फेफड़ों की रक्त वाहिका में थक्का जमने यानी पल्मोनरी एम्बोलिज्म की आशंका थी. अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, मरीज को बचाने के लिए सीपीआर, दवाएं और आईसीयू में विशेषज्ञ उपचार दिया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली.
जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष रमेश शर्मा ने बताया कि संघ ने कलेक्टर को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की थी. अब समिति की रिपोर्ट से मौत के कारण और उपचार प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है.
