छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पिछले दो दिनों की भारी बारिश के बाद बाढ़ और जलभराव वाले इलाकों में बिजली आपूर्ति एहतियातन बंद कर दी गई है. अमलेश्वर और रानीतराई वितरण केंद्रों के अंतर्गत आने वाले करीब 20 ट्रांसफार्मरों की सप्लाई रोकी गई है. बिजली विभाग का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य विद्युत हादसों और जनहानि की आशंका को कम करना है.
अमलेश्वर वितरण केंद्र के जमराव गांव में तीन और अमलेश्वर में एक ट्रांसफार्मर बंद किया गया है. रानीतराई वितरण केंद्र के केसरा सब स्टेशन से निकलने वाले 11 केवी केसरा फीडर को प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर बंद किया गया. इसके कारण केसरा और बोरेंदा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है.
बाढ़ की चपेट में कोस्टा रिसॉर्ट, डांडेसरा, नगपुरा, गुंडरदेही, गोविंद राइस मिल, मोंगरी, मनहोरा, सांकरी और फुलझर क्षेत्रों के ट्रांसफार्मर भी बताए गए हैं. विभाग की मेंटेनेंस टीमें जलमग्न इलाकों पर निगरानी रख रही हैं. जलस्तर बढ़ने पर कुछ अन्य ट्रांसफार्मरों की सप्लाई भी बंद की जा सकती है.
नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच निगरानी
दुर्ग जिले से गुजरने वाली शिवनाथ नदी और कुम्हारी के पास खारून नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. नदी किनारे बसे संवेदनशील गांवों और बस्तियों में बिजली विभाग 24 घंटे निगरानी कर रहा है. अधिकारियों के अनुसार, पानी पूरी तरह उतरने और तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही आपूर्ति बहाल की जाएगी.
विद्युत वितरण कंपनी CSPDCL ने लोगों से टूटे तारों, बिजली के खंभों और जलमग्न उपकरणों के पास नहीं जाने की अपील की है. विभाग ने मवेशियों की सुरक्षा के लिए बाड़ में करंट न छोड़ने और अनधिकृत हुकिंग से बचने को कहा है. आपात स्थिति में 1912 टोल-फ्री नंबर या ‘मोर बिजली’ ऐप पर सूचना दी जा सकती है.
