दुर्ग जिले में अवैध जुए के खिलाफ पुलिस ने 6 से 9 नवंबर तक चार दिन का विशेष अभियान चलाया. पुलिस के अनुसार, इस दौरान जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में दबिश देकर 289 लोगों को गिरफ्तार किया गया. कार्रवाई में जुआ एक्ट के तहत 89 प्रकरण दर्ज किए गए.
पुलिस ने अभियान के दौरान 2 लाख 70 हजार 310 रुपये नकद और ताश की 89 गड्डियां जब्त की हैं. पुलिस के मुताबिक, सार्वजनिक और अन्य स्थानों पर रुपए-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने की लगातार सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद जिलेभर में अलग-अलग पुलिस टीमों को सक्रिय कर विशेष कार्रवाई की गई.
21 थाना-चौकी क्षेत्रों में कार्रवाई
अभियान के तहत नेवई, वैशाली नगर, सुपेला, स्मृतिनगर, दुर्ग, मोहन नगर, पुलगांव, पद्मनाभपुर, पुरानी भिलाई, जामुल, कुम्हारी, छावनी, पाटन, धमधा, खुर्सीपार, बोरी, नंदिनी नगर, उतई, जामगांव, अमलेश्वर और रानीतराई क्षेत्र में कार्रवाई की गई.
पुलिस के अनुसार, इन स्थानों पर कुछ लोग समूह बनाकर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे थे और नकदी का दांव लगा रहे थे. सूचना मिलने के बाद टीमों ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर कार्रवाई की. पकड़े गए लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए.
पुलिस ने बताया कि अभियान में शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों को शामिल किया गया. चार दिनों की कार्रवाई में दर्ज 89 मामलों के साथ नकदी और ताश की गड्डियां जब्त की गईं.
