दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र के ग्राम गनियारी स्थित शासकीय हाईस्कूल में त्रैमासिक परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्र घायल हो गए. घटना उस समय हुई, जब करीब 50 छात्र-छात्राएं कक्षा 10वीं की संस्कृत विषय की परीक्षा दे रहे थे.
प्लास्टर अचानक टूटकर परीक्षा दे रहे बच्चों के ऊपर गिरा. इसके बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए परीक्षा प्रभावित हुई. घायल बच्चों को स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था से इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग भेजा गया.
छात्रा के सिर में लगी चोट
घायल छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट बताई गई है. उसके सिर पर तीन टांके लगाए गए हैं और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अन्य दो बच्चों को मामूली चोटें आने की जानकारी दी गई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार छात्रा का इलाज जारी है.
घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया.
शिक्षा विभाग ने जांच दल भेजा
जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से जांच दल को स्कूल भेजा गया है. टीम स्कूल भवन की स्थिति, छत का प्लास्टर गिरने के कारण और मरम्मत से जुड़े पहलुओं की जांच करेगी. यह भी देखा जाएगा कि भवन की हालत पहले से खराब थी या सुरक्षा अथवा मरम्मत को लेकर कोई शिकायत दर्ज हुई थी.
जांच पूरी होने के बाद ही घटना की जिम्मेदारी और स्कूल भवन की वास्तविक स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी.
