दुर्ग जिले में पुलिस ने गांजा कारोबार से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पहली कार्रवाई कुम्हारी पुलिस ने की, जहां डीएमसी खंडहर के पास बरगद के पेड़ के नजदीक गांजा बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे एक व्यक्ति को पकड़ा गया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान रूप नगर, कुम्हारी निवासी लक्ष्मण जगत (34) के रूप में हुई है. उसके पास से 1.516 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपए बताई गई. गांजा बेचने से मिली 26,340 रुपए की नकदी भी जब्त की गई. गांजा और नकदी समेत जब्त संपत्ति की कुल कीमत 1,01,340 रुपए बताई गई है.
पुराने एनडीपीएस मामले में भी फरार था आरोपी
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मण जगत कुम्हारी थाने के एक पुराने एनडीपीएस मामले में भी फरार चल रहा था. उस मामले में अपराध क्रमांक 293/2026 के तहत आरोपी प्रेम साहू से 6.315 किलो गांजा जब्त किया गया था. प्रेम साहू केंद्रीय जेल दुर्ग में रिमांड पर है.
लक्ष्मण जगत के खिलाफ नए मामले में अपराध क्रमांक 382/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(II)(बी) में केस दर्ज किया गया. पुलिस ने उसे नए और पुराने, दोनों मामलों में गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया.
2.5 किलो गांजा मामले में सह-आरोपी गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई पुलगांव थाना क्षेत्र की अंजोरा चौकी पुलिस ने की. करीब 2.5 किलो गांजा कारोबार के मामले में नाम सामने आने के बाद महासमुंद निवासी किशन यादव फरार था. इस मामले में पुलिस गुरु लखनलाल गोंड को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है.
पुलिस ने पूछताछ और जांच के आधार पर किशन की तलाश शुरू की. तकनीकी जानकारी और मुखबिरों से मिले इनपुट के आधार पर छह दिन बाद 20 नवंबर को टीम ने महासमुंद में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया. दुर्ग लाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड के लिए अदालत में पेश किया गया.
