दुर्ग के गंजपारा नाका चौक पर श्रीराम यादव उर्फ मंत्री की हत्या के मामले में अदालत ने चार आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है. प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश शेख अशरफ की अदालत ने 18 नवंबर 2026 को अक्षत दुबे उर्फ मान्या, शुभम शर्मा, वंश राजपूत और अमिताभ उर्फ चंदु को हत्या, रास्ता रोकने और आपराधिक साजिश का दोषी माना.

अदालत ने चारों पर हत्या के मामले में 1-1 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया. रास्ता रोकने के मामले में एक महीने की साधारण कैद और 500 रुपए जुर्माने की सजा दी गई है. अक्षत और शुभम को सार्वजनिक स्थान पर बटनदार चाकू रखने और इस्तेमाल करने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत क्रमशः दो और तीन साल की सश्रम कैद सुनाई गई. दोनों पर संबंधित धाराओं में 500-500 रुपए का जुर्माना भी लगाया गया.

पुरानी रंजिश में हुआ था हमला

अभियोजन के मुताबिक, 21 मई 2024 की रात करीब 8.15 बजे आरोपी दो बाइक से गंजपारा नाका चौक पहुंचे थे. पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने श्रीराम यादव का रास्ता रोका और चाकू व कड़े से हमला किया. गंभीर चोटों के बाद उनकी मौत हो गई. पुलिस ने अक्षत के पास से 10 इंच और शुभम के पास से करीब 6.5 इंच लंबा चाकू बरामद करने की बात कही थी.

मामले में मुन्ना और बलराम यादव की गवाही को अदालत ने महत्वपूर्ण माना. मुन्ना के मुताबिक, अक्षत और शुभम ने चाकू से, जबकि अमिताभ ने कड़े से हमला किया था. अदालत ने दोनों चश्मदीदों के बयानों में ऐसा बड़ा विरोधाभास नहीं पाया, जिससे उनकी गवाही पर संदेह हो. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में धारदार हथियार से चोट और अधिक रक्तस्राव के कारण हाइपोवोलेमिक शॉक का उल्लेख था.

अदालत ने सुनवाई के दौरान पेश वीडियो को भरोसेमंद सबूत नहीं माना, क्योंकि उसे किसने बनाया यह स्पष्ट नहीं था और जरूरी प्रमाणन दस्तावेज भी पेश नहीं किए गए थे. हालांकि, अदालत ने कहा कि हथियारों की बरामदगी को अलग रख देने पर भी चश्मदीदों की गवाही दोषसिद्धि के लिए पर्याप्त है.

पूर्व पार्षद अजय दुबे बरी

मामले में आरोपी रहे पूर्व भाजपा पार्षद अजय दुबे को हत्या की साजिश और एक आरोपी को छिपाने या संरक्षण देने के आरोपों से बरी कर दिया गया. अदालत ने मोबाइल और कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत उपलब्ध साक्ष्यों की समीक्षा के बाद कहा कि उनके खिलाफ योजना और सहमति के ठोस प्रमाण नहीं मिले.

अदालत ने मृतक के परिवार को पीड़ित प्रतिकर योजना के तहत मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए फैसले की प्रति जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दुर्ग को भेजने का आदेश भी दिया.