छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में गोल्ड ETF में निवेश के नाम पर कथित ठगी के मामले में सुपेला पुलिस ने HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी पर बड़े बैंक खातों वाले ग्राहकों की जानकारी हासिल कर उनसे संपर्क करने और अधिक मुनाफे का लालच देने का आरोप है.

जांच के मुताबिक, निवेशकों को गोल्ड ETF में पैसा लगाने पर हर महीने 10 प्रतिशत लाभांश देने का भरोसा दिलाया जाता था. आरोप है कि निवेशकों से चेक लेकर रकम मुख्य आरोपी योगेश साहू के बैंक खाते में जमा कराई जाती थी. शुरुआती दौर में निवेशकों को राजकुमार तिवारी के खाते से लाभांश की रकम भेजी जाती थी, ताकि योजना पर उनका विश्वास बना रहे.

15 लाख रुपये निवेश के बाद भुगतान बंद

सेक्टर-07, भिलाई निवासी राजू नामदेव की शिकायत पर यह मामला दर्ज किया गया. शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अन्य ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट दिखाकर योजना को भरोसेमंद बताया और बैंक खाते व मोबाइल से जुड़ी जानकारी हासिल की. इसके बाद राजू नामदेव ने 21 मार्च 2025 को आरोपियों के बताए खाते में 15 लाख रुपये ट्रांसफर किए. कुछ समय तक उन्हें लाभांश मिला, लेकिन बाद में भुगतान बंद हो गया. रकम लौटाने का आश्वासन दिए जाने के बावजूद पैसा वापस नहीं मिला.

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा और शिबा शेख समेत अन्य निवेशकों के बयान और दस्तावेजों की जांच की गई. संबंधित बैंक खातों की पड़ताल में राजकुमार तिवारी की कथित भूमिका सामने आई. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. पुलिस इस निवेश योजना से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों की भी जांच कर रही है.