दुर्ग जिले के रसमड़ा क्षेत्र के गनियारी गांव स्थित शासकीय हाईस्कूल में मंगलवार को त्रैमासिक परीक्षा के दौरान छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्र-छात्राएं घायल हो गए. हादसे के वक्त कक्षा 10वीं के करीब 50 विद्यार्थी संस्कृत विषय की परीक्षा दे रहे थे.

प्लास्टर अचानक टूटकर नीचे गिरा, जिसके बाद कक्षा में अफरा-तफरी मच गई. घायल विद्यार्थियों में छात्रा द्रौपदी ठाकुर के सिर में गंभीर चोट बताई गई है. उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल दुर्ग ले जाया गया, जहां उसके सिर पर तीन टांके लगाए गए. दो अन्य बच्चों को मामूली चोटें आई हैं.

हादसे के बाद कुछ समय के लिए परीक्षा प्रभावित हुई. स्कूल प्रबंधन ने घायल बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की. घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया.

शिक्षा विभाग ने भेजी जांच टीम

जिला शिक्षा अधिकारी की ओर से घटना की जांच के लिए टीम स्कूल भेजी गई है. टीम यह पता लगाएगी कि स्कूल भवन की स्थिति पहले से खराब थी या नहीं और भवन की मरम्मत या सुरक्षा को लेकर पहले कोई शिकायत की गई थी या नहीं.

परीक्षा के दौरान करीब 50 विद्यार्थियों की मौजूदगी वाले कमरे में छत का हिस्सा गिरने से स्कूल भवनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल उठे हैं. घटना के बाद विद्यार्थियों और उनके परिजनों में भी चिंता का माहौल है.