दुर्ग के हेमचंद यादव विश्वविद्यालय में कुलसचिव पद को लेकर विवाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद भी जारी है. 9 अक्टूबर को कुलसचिव भूपेंद्र कुलदीप जॉइनिंग देने विश्वविद्यालय पहुंचे, लेकिन उनके चेंबर में ताला लगा मिला. उन्होंने संबंधित विभाग में हाईकोर्ट के आदेश की प्रति सौंपी, फिर भी कार्यालय में प्रवेश नहीं कर सके.

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, कुलदीप कभी दूसरे कमरे में बैठे और कभी परिसर में घूमते नजर आए. उस समय कुलपति प्रो. संजय तिवारी विश्वविद्यालय में मौजूद नहीं थे. प्रभारी कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार पांडेय के छुट्टी पर होने की बात कही गई है. कार्यालय बंद रखने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है.

हाईकोर्ट ने सरकारी आदेश किया निरस्त

उच्च शिक्षा विभाग ने 29 सितंबर 2026 को कुलदीप को हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से हटाकर उच्च शिक्षा संचालनालय, रायपुर में अटैच किया था. उनकी जगह दुर्ग साइंस कॉलेज के इतिहास विभाग के प्राध्यापक डॉ. अनिल कुमार पांडेय को प्रभारी कुलसचिव बनाया गया था. कुलदीप ने इस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी थी.

जस्टिस विभु दत्त गुरु की सिंगल बेंच ने शासन का आदेश निरस्त कर दिया. अदालत ने कहा कि विश्वविद्यालय सेवा नियमों के तहत कुलसचिव का एक विश्वविद्यालय से दूसरे विश्वविद्यालय में स्थानांतरण किया जा सकता है, लेकिन उच्च शिक्षा संचालनालय जैसे सरकारी विभाग में अटैच करने का स्पष्ट वैधानिक प्रावधान शासन प्रस्तुत नहीं कर सका.

राज्य सरकार ने 1999 के नियम संशोधन और कुलदीप के खिलाफ लंबित विभागीय जांच का हवाला दिया था. कोर्ट ने कहा कि जांच लंबित होना नियमों से बाहर जाकर आदेश जारी करने का आधार नहीं बन सकता. अदालत ने शासन को कानून और लागू नियमों के दायरे में नया आदेश जारी करने की छूट दी है.

अधिवक्ता ने दी अवमानना याचिका की चेतावनी

कुलदीप के अधिवक्ता शशिकांत चौहान ने कहा कि सरकारी आदेश निरस्त होने के बाद कुलदीप को संचालनालय में अटैच रखने का आधार खत्म हो गया है. उनके अनुसार, पदभार ग्रहण करने से रोकना हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना हो सकता है. उन्होंने कहा कि कार्यालय का ताला खोलकर जॉइनिंग का अवसर नहीं दिया गया तो सोमवार को अवमानना याचिका दायर की जाएगी.