दुर्ग जिला अस्पताल में मरीज के परिजन से मोबाइल लेकर उसके बैंक खाते से 1,48,301 रुपये निकालने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने मोबाइल का इस्तेमाल कर खाते से रकम निकाली और उसका कुछ हिस्सा सामान खरीदने में खर्च किया.
मामला 5 सितंबर का है. ग्राम महमरा निवासी कुलेश्वर निषाद अपने पिता के इलाज के लिए जिला अस्पताल दुर्ग में मौजूद था. इसी दौरान एक युवक उसके पास पहुंचा और रिश्तेदार से जरूरी बात करने का हवाला देकर फोन करने के लिए मोबाइल मांगा. भरोसा करके मोबाइल देने के बाद युवक वहां से चला गया.
कुछ समय बाद कुलेश्वर को अपने बैंक खाते से रकम निकलने की जानकारी मिली. इसके बाद उसने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मोबाइल, बैंक खाते से जुड़े सुरागों और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की.
पूछताछ में अस्पताल से मोबाइल लेने की बात बताई
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान आरोपी की पहचान कमलजीत बांदे उर्फ कमल (29), निवासी ग्राम तमोरा, थाना रानचिरई, जिला बालोद के रूप में हुई. हिरासत में पूछताछ के दौरान उसने अस्पताल से मोबाइल लेने और खाते से रकम निकालने की बात स्वीकार की, ऐसा पुलिस का कहना है.
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 17 हजार रुपये का सोने का मंगलसूत्र, लगभग 16,500 रुपये का मोबाइल, 1 हजार रुपये की घड़ी, 1 हजार रुपये का पावर बैंक और 20,200 रुपये नकद बरामद किए. जब्त सामान की कुल कीमत 55,700 रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार, मंगलसूत्र आरोपी ने अपनी पत्नी के लिए खरीदा था.
पुलिस रिकॉर्ड में आरोपी के खिलाफ वर्ष 2020 में थाना उतई में जुआ संबंधी मामला और वर्ष 2024 में सिटी कोतवाली दुर्ग में एक अन्य मामला दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है. दोनों मामलों में चालान पेश किया जा चुका है. आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
