दुर्ग जिला कलेक्ट्रेट में बुधवार को आयोजित जनदर्शन में लोगों ने जमीन पर कथित कब्जे, सरकारी नाले का रास्ता बदलने और मोबाइल टावर लगाने से जुड़ी शिकायतें रखीं. जनदर्शन में कुल 84 आवेदन मिले. इनमें अवैध कब्जा हटाने, आवासीय पट्टा दिलाने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, जमीन का सीमांकन, सीसी रोड, ऋण पुस्तिका में सुधार और आर्थिक सहायता जैसी मांगें शामिल थीं.

बोदल में सरकारी जमीन पर निर्माण की शिकायत

पाटन तहसील के ग्राम बोदल में सरकारी घास भूमि पर कथित कब्जा कर मकान बनाने की शिकायत की गई. शिकायतकर्ता का कहना है कि सरकारी जमीन के एक हिस्से में निर्माण किया जा रहा है, जिससे आम रास्ता संकरा हो गया है. उनके अनुसार, पहले रास्ते की चौड़ाई करीब 20 फीट थी, जो अब लगभग 3.4 मीटर रह गई है.

शिकायत में कहा गया है कि दोनों पक्षों के दस्तावेजों और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर अतिक्रमण हटाने का आदेश पहले जारी हो चुका था. इसके बावजूद कब्जा नहीं हटाया गया और दोबारा निर्माण शुरू कर दिया गया. शिकायतकर्ता ने अतिक्रमण हटाने और निर्माण रोकने की मांग की. कलेक्टर ने तहसीलदार पाटन को जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

मेड़ेसरा में नाले का रास्ता बदलने का आरोप

अहिवारा तहसील के ग्राम पंचायत मेड़ेसरा के निवासी ने आरोप लगाया कि पुराने प्राकृतिक नाले का रास्ता बदलकर उसे संकरा कर दिया गया है और बची हुई सरकारी जमीन पर खेती की जा रही है. शिकायतकर्ता के मुताबिक, बारिश और बाढ़ का पानी खेतों में भरने से फसलों को नुकसान और खेतों की मेड़ें कटने की समस्या हो रही है. कलेक्टर ने तहसीलदार अहिवारा को मौके की जांच और जमीन की नाप कराने को कहा है.

भिलाई में मोबाइल टावर को लेकर आपत्ति

भिलाई के वार्ड क्रमांक 25 स्थित हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र के रहवासियों ने एक छत पर पहले से लगे टावर के बावजूद दोबारा मोबाइल टावर लगाने का आरोप लगाया. लोगों ने अनुमति नहीं लिए जाने और विकिरण के संभावित स्वास्थ्य प्रभावों को लेकर चिंता जताई. कलेक्टर ने ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.