छत्तीसगढ़ के दुर्ग में वन एवं परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सेवा संकल्प अभियान को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की. उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से लोगों से संपर्क कर रहे हैं.

मंत्री के अनुसार, यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ता स्वास्थ्य, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं के संभावित लाभार्थियों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास कर रहे हैं.

केदार कश्यप ने प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत सहित केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल जनसंपर्क करना नहीं, बल्कि पात्र लोगों को संबंधित योजनाओं का लाभ दिलाने में मदद करना और जमीनी स्तर की दिक्कतों की जानकारी लेना है.

कांग्रेस के छत्तीसगढ़ दौरे पर प्रतिक्रिया

कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत के दौरे को लेकर भी केदार कश्यप ने कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ हुई कार्रवाई और उसके परिणामों का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा.

मंत्री ने नक्सली कमांडर हिड़मा से जुड़े बयानों का संदर्भ देते हुए सवाल उठाया कि यदि कांग्रेस का कोई नेता नक्सलवाद या नक्सली विचारधारा का समर्थन करता है, तो क्या पार्टी उसके खिलाफ कार्रवाई करेगी. ये सवाल मंत्री ने कांग्रेस की राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करते हुए उठाए.

प्रेस कॉन्फ्रेंस में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और भाजपा के अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.