दुर्ग के खुर्सीपार इलाके में पुलिस ने चिट्टा बेचने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से 12.06 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 2 लाख 41 हजार 300 रुपए बताई गई है. कार्रवाई में मोबाइल फोन, नकदी और एक स्कूटी समेत कुल 3 लाख 97 हजार 400 रुपए का सामान जब्त किया गया.

पुलिस को खुर्सीपार के ट्रांसपोर्ट रोड पर नहर किनारे शिव मंदिर के पास कुछ लोगों के चिट्टा बेचने की सूचना मिली थी. इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की. पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर वहां मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन तीनों को पकड़ लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पी. तुलमा राव उर्फ चिंटू (27), निवासी सेक्टर-1 भिलाई भट्ठी, मोंटी अरोरा (32), निवासी हाउसिंग बोर्ड भिलाई और मोहम्मद आफताब (24), निवासी सेक्टर-2 जामुल के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान बिक्री के लिए रखा गया चिट्टा, तीन मोबाइल फोन, 16,100 रुपए नकद और स्कूटी बरामद की गई.

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई

खुर्सीपार थाने में तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया.

पुलिस के अनुसार, तीनों के खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज रहे हैं. इनमें एनडीपीएस एक्ट के अलावा सड़क हादसे, जुआ और मारपीट से जुड़े मामले शामिल हैं. पुलिस अब आरोपियों के कथित नशा कारोबार से जुड़े अन्य संपर्कों की जानकारी जुटा रही है.

जब्त सामान में 90 हजार रुपए कीमत के तीन मोबाइल फोन और करीब 50 हजार रुपए कीमत की स्कूटी शामिल है. पुलिस ने स्कूटी का पंजीकरण क्रमांक CG 07 BG 2789 बताया है.